कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने नकली खाद और बीज के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पिछले कई महीनों से मंत्री मीणा राजस्थान के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर नकली खाद और बीज बनाने वाली कंपनियों पर सख्ती बरत रहे हैं। रविवार, 28 सितंबर को उन्होंने बीकानेर और श्रीगंगानगर में बड़ी कार्रवाई की।
बीकानेर में बड़ी बरामदगी
बीकानेर के गजनेर थाना क्षेत्र के गंगापुरा में मंत्री मीणा ने रात में छापा मारा। इस दौरान एक गोदाम से लगभग 24 हजार बैग नकली खाद, बीज और कच्चा माल ज़ब्त किया गया। मंत्री ने बताया कि यह गोदाम गुजरात के दो लोगों द्वारा संचालित किया जा रहा था और पिछले कुछ महीनों में पदमपुर और किशनगढ़ में पकड़ी गई नकली खाद इसी नेटवर्क से जुड़ी थी।
किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि नकली खाद में मिलावट की जा रही थी, जिससे किसानों की जमीन बंजर हो रही थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच पूरी होने के बाद दोषी कंपनियों के लाइसेंस रद्द किए जाएँ।
श्रीगंगानगर में निरीक्षण
श्रीगंगानगर के घड़साना स्थित दीपक बायोसीड्स के गोदाम का भी मंत्री मीणा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पता चला कि कंपनी ग्वार, मूंग, गेहूं और सरसों के बीज पैक कर रही थी। जब मंत्री ने बीज उत्पादन, किसानों की सूची और रिसर्च डॉक्स मांगे, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
कृषि मंत्री ने इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए अधिकारियों को कंपनी के बीज की बिक्री पर रोक लगाने के आदेश दिए। कृषि विभाग की टीम अब कंपनी के बीज उत्पादन रिकॉर्ड और किसानों की सूची की पूरी जांच कर रही है। आवश्यक होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई इस बात का संदेश देती है कि राज्य सरकार नकली खाद और बीज के खिलाफ पूरी तरह सख्त है और किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर कदम उठाया जाएगा।