राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आगामी 22 अगस्त को सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में आयोजित ‘गोयनका संगम’ के दौरान उन गुमनाम नायकों को ‘गोयनका रिकग्निशन सम्मान’ से अलंकृत करेंगे, जिन्होंने जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दिया है। यह आयोजन श्री शक्ति गोयनका ट्रस्ट के तत्वावधान में 19 से 23 अगस्त तक चलेगा।
हर साल गोयनका समुदाय के लोग देश-विदेश से फतेहपुर शेखावाटी में जुटते हैं, जहां सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी जड़ों से जुड़ाव मजबूत किया जाता है। इस बार संगम में ज़ी समूह के चेयरमैन सुभाष चंद्रा, इमामी ग्रुप के आर.एस. गोयनका, टैली ग्रुप के भरत गोयनका और पशुपति ग्रुप के विष्णु गोयनका सहित करीब 600 उद्योगपति शामिल होंगे।
22 अगस्त को व्यापार, समाज सेवा, कला, विज्ञान, खेल, शिक्षा, साहित्य और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गोयनका समुदाय के लोगों को सम्मानित किया जाएगा। नामांकन 24 जुलाई तक ट्रस्ट की वेबसाइट पर भेजे जा सकते हैं। विजेताओं का चयन चार सदस्यीय ज्यूरी करेगी।
इस आयोजन में प्रमुख कथावाचक भूपिंदर भाई पंड्या तीन दिन तक धार्मिक प्रवचन देंगे और समुदाय के लोग अपनी कुल देवी दादाजी के मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।