जयपुर। भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के 2015 बैच के अधिकारी अमित सुदर्शन को उत्तर पश्चिम रेलवे का नया मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) नियुक्त किया गया है। उन्होंने शुक्रवार को निवर्तमान मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण से औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
शेखावाटी अंचल, विशेषकर झुंझुनूं जिले के लिए यह पल खास गर्व का है, क्योंकि नव नियुक्त सीपीआरओ अमित सुदर्शन मूल रूप से झुंझुनूं जिले के पिलानी क्षेत्र के निवासी हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि को सम्मान और गौरव के रूप में देखा जा रहा है।
शैक्षणिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि
अमित सुदर्शन ने आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने आईआईएम कोलकाता से पीजीडीबीए (PGDBA) किया। रेलवे के वाणिज्य एवं परिचालन क्षेत्र में उन्हें व्यापक अनुभव प्राप्त है। इससे पहले वे उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवाएं एवं यात्री विपणन) के पद पर कार्यरत थे।

विशेष ट्रेनों के संचालन में अहम भूमिका
अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान अमित सुदर्शन ने उप मुख्य परिवहन प्रबंधक, टूंडला के रूप में महाकुंभ आयोजन के अवसर पर स्पेशल ट्रेनों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा आगरा और टूंडला में पदस्थापना के दौरान उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCC) पर ट्रेनों के परिचालन को सुचारु बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। वे इससे पहले सहायक वाणिज्य प्रबंधक-झांसी, मंडल परिचालन प्रबंधक-आगरा, मंडल परिवहन प्रबंधक और उप मुख्य परिवहन प्रबंधक-टूंडला जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
निवर्तमान सीपीआरओ का स्थानांतरण
गौरतलब है कि निवर्तमान मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण का स्थानांतरण मुख्य परियोजना प्रबंधक–रोलिंग स्टॉक, जयपुर के पद पर किया गया है, जहां उन्होंने भी शुक्रवार को अपना कार्यभार संभाल लिया।
यह भी पढ़ें: जेल के दूषित पानी से बिगड़ी सोनम वांगचुक तबीयत, जोधपुर जेल से लाए गए एम्स