जेल के दूषित पानी से बिगड़ी सोनम वांगचुक तबीयत, जोधपुर जेल से लाए गए एम्स

3 Min Read

Sonam Wangchuk Health Check At AIIMS Jodhpur:  जोधपुर। लद्दाख के प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का शनिवार सुबह एम्स जोधपुर में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें जोधपुर सेंट्रल जेल से एम्स लाया गया। बताया गया है कि जेल में उपलब्ध दूषित पानी के सेवन से उन्हें पेट में गंभीर संक्रमण की शिकायत हुई थी, जिसके बाद मेडिकल जांच की आवश्यकता पड़ी। एम्स जोधपुर में कराई गई ताजा मेडिकल जांच की रिपोर्ट 2 फरवरी तक सुप्रीम कोर्ट में पेश की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।

कड़ी सुरक्षा के बीच एम्स लाए गए

शनिवार सुबह सोनम वांगचुक को जोधपुर सेंट्रल जेल से विशेष सुरक्षा घेरा बनाकर एम्स जोधपुर पहुंचाया गया। पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश के निर्देश पर पूरे मार्ग और अस्पताल परिसर में हाई अलर्ट सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहा।

वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच

एम्स जोधपुर में सोनम वांगचुक की जांच वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने की। सूत्रों के अनुसार, पेट संबंधी समस्याओं को देखते हुए गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट द्वारा विशेष रूप से परीक्षण किया गया। आवश्यक मेडिकल टेस्ट कर उनकी स्थिति का बारीकी से आकलन किया गया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुआ मेडिकल चेकअप

यह स्वास्थ्य जांच सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कराई गई। शीर्ष अदालत ने सोनम वांगचुक की सेहत को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच कराने के आदेश दिए थे। अदालत ने विशेष रूप से गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट से जांच सुनिश्चित करने को कहा था, ताकि पेट संक्रमण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

अब तक 21 बार हो चुकी है मेडिकल जांच

अब तक सोनम वांगचुक की कुल 21 बार मेडिकल जांच हो चुकी है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं।

एनएसए के तहत जोधपुर जेल में बंद

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनके स्वास्थ्य से जुड़ी रिपोर्ट समय-समय पर अदालत में प्रस्तुत की जा रही है।

यह भी पढ़ें: जयपुर में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया समेत 20 देशों के स्टोन दिखेंगे, युवाओं को 10 लाख तक का इंटरेस्ट-फ्री लोन

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *