कोटा हादसा: इटावा में स्कूल वैन और बोलेरो में जोरदार भिड़ंत, दो छात्राओं की मौत, कई बच्चे घायल

By admin
3 Min Read

कोटा: शनिवार सुबह इटावा कस्बे में बच्चों से भरी एक स्कूल वैन और बोलेरो गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलट गए और वैन में सवार 12 बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से इटावा अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान चौथी कक्षा की पारुल और दसवीं कक्षा की तनु नागर की मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अन्य घायल बच्चों का इलाज इटावा अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल सात बच्चों को कोटा रेफर किया गया है।

टायर फटने से हुआ हादसा
चश्मदीदों के अनुसार, मारुति सुजुकी इको वैन गुमानपुरा स्थित स्कूल ऑफ जॉय एंड हैप्पीनेस जा रही थी। इसी दौरान 132 केवी जीएसएस के पास अचानक वैन का टायर फट गया, जिससे ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया और सामने से आ रही बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई बच्चे वैन से करीब 20 मीटर दूर जाकर गिरे।

सड़क पर बिखरीं किताबें और बैग
घटनास्थल से सामने आए वीडियो में सड़क पर बच्चों की किताबें, कॉपियां और बैग बिखरे नजर आए। स्थानीय लोग बच्चों की मदद करते और सामान समेटते हुए दिखाई दिए। डीएसपी शुभम जोशी ने बताया कि सभी बच्चों को प्राथमिकता के साथ अस्पताल पहुंचाया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

बोलेरो सवारों को हल्की चोटें
बोलेरो में सवार दो लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि वैन का टायर फटने के बाद उन्होंने गाड़ी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हादसा टाल नहीं सके और दोनों वाहन पलट गए।

7 सीटर में 12 बच्चे, नियमों का उल्लंघन
जांच में सामने आया कि इको वैन 7 सीटर मॉडल थी, फिर भी उसमें 12 बच्चों को बैठाया गया था, जो मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। इसके अलावा, वैन का रंग ग्रे था और उस पर निजी नंबर प्लेट लगी थी, जबकि स्कूल ड्यूटी वाहनों पर सुनहरा पीला रंग होना अनिवार्य है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *