डीडवाना: उपखंड के खूनखुना गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। आटा चक्की का पाट सुधारते समय अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, खूनखुना निवासी नानूराम ने अपने घर में लगी आटा चक्की के पाट को ठीक करवाने के लिए एक मिस्त्री को बुलाया था। उस समय बिजली नहीं थी, इसलिए मिस्त्री ने बिना बिजली सप्लाई बंद किए ही चक्की खोलकर काम शुरू कर दिया।
जैसे ही लाइट आई, अचानक खुली पड़ी आटा चक्की में जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि चक्की के पाट के टुकड़े बुलेट की रफ्तार से उड़ते हुए आसपास खड़े लोगों को जा लगे।
मृतक और घायलों की स्थिति
ब्लास्ट में मिस्त्री हड़मान राम (47 वर्ष) पुत्र डालूराम, निवासी सिंगरावट खुर्द की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, नानूराम, उसकी पत्नी, बेटा और घर में आया एक मेहमान गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी और निजी संसाधनों से घायलों को बांगड़ जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। मृतक का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस जांच जारी
मौके पर पहुंची खूनखुना थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि ब्लास्ट बिजली आने के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से।
घायलों में मांगीलाल, दशरथ, सरोज और नानूराम शामिल हैं। नानूराम की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।