श्रीमाधोपुर: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की गई पिकअप गाड़ी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, नांगल भीम निवासी रामेश्वर लाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 21 अक्टूबर की रात उनकी पिकअप गाड़ी महाराजा आईटीआई कॉलेज के खुले ग्राउंड में खड़ी थी, जिसे रात करीब 12:30 बजे अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया।
थानाधिकारी विजय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। जांच के दौरान सूचना संकलन कर पुलिस ने गोविंदपुरा जाजोद निवासी राधेश्याम सोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
इस कार्रवाई में डिप्टी एसपी उमेश कुमार गुप्ता के सुपरविजन में हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। सीकर जिले में पुलिस अधीक्षक अरविंद नायक नानावत के निर्देशन में लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, और यह सफलता भी उसी अभियान का हिस्सा है।