सीकर: शहर की आबादी क्षेत्र में तड़के करीब 3:30 बजे एक पैंथर के अचानक दिखाई देने से इलाके में दहशत फैल गई। पैंथर बसंत विहार कॉलोनी की तरफ से आता हुआ पुलिस गश्त टीम की जीप के सामने नजर आया। गश्त का नेतृत्व उस समय एएसआई रघुवीर प्रसाद कर रहे थे।
इसके बाद पैंथर विद्युत निगम कार्यालय परिसर के पास भी देखा गया। कुछ लोगों ने बताया कि पैंथर को कुत्ते के पीछे भागते हुए देखा गया। कॉलोनियों में रहने वाले लोग लगातार इसकी मूवमेंट से भयभीत हैं और किसी भी समय बड़ी जनहानि होने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
अरावली की तहलटी में बसी कई कॉलोनियों में आए दिन पैंथर की आवाजाही देखी जाती है, लेकिन वन विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। स्थानीय लोग सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और पैंथर की निगरानी की मांग कर रहे हैं।