पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर पहली जीत दर्ज की
एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर फाइनल की उम्मीदें जीवित रखी हैं। वहीं, श्रीलंकाई टीम के लगभग बाहर होने की संभावना बढ़ गई है।
शेख जायद स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन ही बना सकी। पाकिस्तान ने 134 रन का लक्ष्य 18 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। तलत हुसैन ने 32 रन बनाए और गेंदबाज़ी में 2 विकेट भी झटके। मोहम्मद नवाज 38 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों खिलाड़ियों ने छठे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। ओपनर साहिबजादा फरहान ने भी 24 रन का योगदान दिया। तलत हुसैन को शानदार ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत और बांग्लादेश में होगी टक्कर
आज सुपर-4 के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश से होगा। भारत अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर आत्मविश्वास में है। वहीं, बांग्लादेश ने अपने पहले सुपर-4 मैच में श्रीलंका को हराया था।
अगर भारत जीत दर्ज करता है तो फाइनल में उसका रास्ता और आसान हो जाएगा। वहीं, बांग्लादेश की टीम अगर भारत को हराती है तो उसकी उम्मीदें भी मजबूत होंगी। भारत और बांग्लादेश के बीच अब तक 17 टी-20 मुकाबले हुए हैं। इनमें 16 बार भारत ने जीत हासिल की है। भारत और बांग्लादेश की पिछली भिड़ंत 2024 में हैदराबाद में हुई थी, जहां भारत ने 133 रन से जीत दर्ज की थी।