बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ने कहा— बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना सबकी जिम्मेदारी, जागरूक समाज ही बदलाव की दिशा तय करता है
नागौर: कस्बे के सदर बाजार में गुरुवार को बाल विवाह रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति (न्यायपीठ) नागौर के अध्यक्ष डॉ. मनोज सोनी ने की। इस अवसर पर ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने का संकल्प लिया।
डॉ. सोनी ने कहा कि “बाल विवाह बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बनाता है और यह कानूनन अपराध है। इसे रोकना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जागरूक समाज ही बदलाव की दिशा तय करता है, इसलिए हर व्यक्ति को इस कुरीति के खिलाफ आगे आना चाहिए।” उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने गांवों को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करें और बच्चों को शिक्षा तथा समान अवसर उपलब्ध कराएँ।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि शिवजीराम फडौदा ने ग्रामीणों से अपील की कि बाल विवाह की कोई भी सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में जवानाराम चौटिया, नाथु मोहम्मद, सुखाराम गौदारा, सुनील फडौदा, बिला मोहम्मद, मदनसिंह, विनोद सोनी सहित कई नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने सामूहिक रूप से बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ ली।