नेताओं ने कहा – सत्य, अहिंसा और सादगी से ही समाज में बड़े बदलाव संभव
पीसांगन: भाजपा मंडल पीसांगन द्वारा गणपति डिक्स सेंटर पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाड़ियां ने इस अवसर पर कहा कि “महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह का मार्ग दिखाया, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जैसे असाधारण नेता ने अपनी ईमानदारी और दृढ़ संकल्प से भारत को चुनौतीपूर्ण समय में भी सशक्त बनाया।”
प्रधान दिनेश कुमार नायक ने कहा कि गांधीजी के आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी। “उन्होंने दिखाया कि साहस और सादगी से बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। आज उनकी जयंती पर उनके सिद्धांतों को याद करना और जीवन में उतारना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
मंडल अध्यक्ष बीरम कुमावत पीपाड़ा ने कहा कि “लोकल फॉर वोकल के तहत सभी को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने पर जोर देना चाहिए।”
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाड़ियां, प्रधान दिनेश कुमार नायक, मंडल अध्यक्ष बीरम कुमावत पीपाड़ा, पूर्व प्रधान अर्चना छाजैड, उपप्रधान प्रतिनिधि शिवलाल फामड़ा, वरिष्ठ नेता गोपाल सिंह चौहान, उपसरपंच बद्री प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।