दीपोत्सव के अवसर पर दिया कुमारी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई, कहा — “दीपावली अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है”
जयपुर: दीपावली के पावन अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की शांति, सौहार्द और विकास की कामना की।
दिया कुमारी ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें सकारात्मकता, सहयोग और एकता का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्जवल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व हमें राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा की प्रेरणा देता है।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से भी आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई और एक-दूसरे को दीपोत्सव की बधाई दी गई।

दिया कुमारी ने कहा कि दीपावली का पर्व समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और समृद्धि का संदेश देता है। वहीं प्रेमचंद बैरवा ने भी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।
जनता से आत्मीय मुलाकात
दीपावली के अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने मिठाई वितरित कर लोगों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
दिया कुमारी ने इस अवसर पर कहा — “ईश्वर से प्रार्थना है कि दीपावली का यह पर्व सभी के जीवन में सौहार्द, आनंद और खुशियाँ लेकर आए।”
उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग देश के आर्थिक विकास में सहायक होगा।
उन्होंने कहा — “हमें अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना चाहिए ताकि स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिले और देश आत्मनिर्भर बने।”