धीरेंद्र शास्त्री ने विवाद बढ़ाने के बजाय अपनाया नरम रुख, कहा- हम हिंदुओं को जोड़ने के लिए हैं, तोड़ने के लिए नहीं

योग गुरु स्वामी रामदेव और कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच बयानबाजी का मामला चर्चा में है। स्वामी रामदेव की ओर से बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधते हुए उन्हें पाखंडी कहे जाने के बाद अब बाबा बागेश्वर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उन्होंने हमेशा स्वामी रामदेव को स्नेह देने वाले अभिभावक के रूप में देखा है। चार दिन पहले ही स्वामी रामदेव उनके मंच पर आए थे और उनकी प्रशंसा की थी। अब उन्होंने आलोचना की है, लेकिन उन्हें निंदा और प्रशंसा दोनों स्वीकार हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “कोई बात उन्हें लगी होगी, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा होगा। पूज्य स्वामी जी ऐसे ही कहते हैं। चार दिन पहले उन्होंने प्रशंसा की थी और आज निंदा कर दी। यदि आज हम कुछ कहें तो वही बात होगी कि गुड़ में सम्मिलित और मठा में न्यारे।” उन्होंने साफ किया कि स्वामी रामदेव ने उनका नाम नहीं लिया है और वह किसी संत पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि हम हिंदुओं को जोड़ने के लिए हैं, तोड़ने के लिए नहीं।
बाबा बागेश्वर ने अपनी कथा की व्यास पीठ से श्रद्धालुओं से भी कहलवाया कि ‘यह भी आशीर्वाद है।’ उन्होंने कहा कि वह भगवान के भरोसे रहते हैं और उनके लिए हर परिस्थिति सही है। उन्होंने दोहराया कि वह हमेशा संतों और हिंदुओं के लिए खड़े रहे हैं और किसी भी संत के खिलाफ टिप्पणी नहीं करेंगे।
रामदेव ने बिना नाम लिए साधा था निशाना
दरअसल, महिला सशक्तीकरण से जुड़े एक आयोजन में सोमवार को योग गुरु स्वामी रामदेव ने कुछ लोगों पर निशाना साधा था। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा था कि पहले भगवान कृष्ण को टेढ़ा कहा गया, फिर माफी मांगी गई और बाद में बांके बिहारी मंदिर जाकर फिर से उन्हें टेढ़ा बताया गया। इसी संदर्भ में रामदेव ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था, “अरे पाखंडी, तेरी मति मारी गई है।”
रामदेव ने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ लोग हिंदुओं को हिंसा और हथियारों का रास्ता दिखा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब देश में पुलिस और प्रशासन मौजूद हैं तो भाला और हथियार उठाने की क्या जरूरत है। उन्होंने लोगों से किसी के अंधविश्वास में नहीं आने की अपील भी की थी।
फिलहाल स्वामी रामदेव की टिप्पणी पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रतिक्रिया ने इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है। जहां रामदेव ने तीखे शब्दों में अपनी बात रखी, वहीं बाबा बागेश्वर ने इसे भी आशीर्वाद बताते हुए संतों के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात कही।