West Bengal Name Change: सुवेंदु अधिकारी सरकार की कैबिनेट ने दी पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी, 2018 में ‘बांग्ला’ नाम का प्रस्ताव हो चुका है खारिज

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में 23 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब 9 दिसंबर 2026 को विधानसभा में यह प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। खास बात यह है कि इस बार प्रस्ताव में अंग्रेजी में भी West Bengal की जगह Paschim Banga नाम इस्तेमाल करने की बात कही गई है। हालांकि, विधानसभा की मंजूरी के बाद भी नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, इसके लिए केंद्र और संसद की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
आखिर ‘पश्चिम बंग’ नाम ही क्यों?
भाजपा सरकार का तर्क है कि ‘पश्चिम बंग’ नाम राज्य के इतिहास और 1947 के विभाजन से जुड़ी पहचान को दर्शाता है। विभाजन के दौरान बंगाल का पूर्वी हिस्सा अलग होकर पूर्वी पाकिस्तान बना, जो बाद में बांग्लादेश कहलाया, जबकि पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा। सरकार का मानना है कि ‘पश्चिम बंग’ नाम राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को बेहतर तरीके से सामने रखता है।
1999 से चल रही है नाम बदलने की कवायद
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कोशिश कई दशकों से जारी है। 1999 में पहली बार पश्चिम बंगा नाम का प्रस्ताव सामने आया। 2011 में ममता बनर्जी सरकार ने भी नाम बदलने की पहल की। 2016 में ‘बांग्ला’, ‘बंगाल’ और ‘बांगाल’ नामों के विकल्प रखे गए। इसके बाद 2018 में विधानसभा ने तीनों भाषाओं में ‘बांग्ला’ नाम रखने का प्रस्ताव पारित किया था, लेकिन 2019 में केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिलने के कारण यह बदलाव लागू नहीं हो सका। अब भाजपा सरकार ने एक बार फिर ‘पश्चिम बंग’ नाम का प्रस्ताव आगे बढ़ाया है।

नाम बदलने के लिए क्या है संवैधानिक प्रक्रिया?
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत किसी राज्य का नाम बदलने के लिए संसद कानून बनाती है। इसके लिए राष्ट्रपति की सिफारिश पर विधेयक संसद में पेश किया जाता है और संबंधित राज्य की विधानसभा से उसकी राय मांगी जाती है। विधानसभा की राय मिलने के बाद संसद में विधेयक पारित होना जरूरी है। इसके बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने पर ही नाम परिवर्तन कानूनी रूप से लागू हो सकता है। यानी 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव पारित होना इस प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण होगा, अंतिम फैसला नहीं।
बेरोजगार युवाओं के लिए भी ऐलान
इसी कैबिनेट बैठक में बेरोजगार युवाओं के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी घोषणा भी की गई। सरकार के मुताबिक, बेरोजगार स्नातकों को हर महीने 2,000 रुपये और सरकारी व्यावसायिक या तकनीकी पाठ्यक्रमों से जुड़े पात्र गैर-स्नातक युवाओं को 1,500 रुपये की सहायता दी जाएगी। यह योजना जनवरी 2027 से शुरू करने की तैयारी है।
अब सबकी नजर 9 दिसंबर पर है। विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद केंद्र सरकार और संसद का रुख इस बात को तय करेगा कि पश्चिम बंगाल की आधिकारिक पहचान बदलकर ‘पश्चिम बंग’ होती है या नहीं।