29 गोल्ड जीत चुकी खिलाड़ी का मैच जीतने के बावजूद हार घोषित, स्कोर शीट देने से किया इंकार; अभिभावकों और खिलाड़ियों ने किया प्रदर्शन
नागौर: 69वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो खेलकूद प्रतियोगिता में बड़ा विवाद सामने आया है। नागौर की उभरती ताइक्वांडो खिलाड़ी भार्गवी सिंह को जीत के बावजूद हार घोषित करने का आरोप रेफरी और तकनीकी अधिकारियों पर लगा है।
थांवला विद्यालय की छात्रा भार्गवी सिंह पहले भी स्टेट ऑफिशियल गोल्ड मेडल और 68वीं खेलकूद प्रतियोगिता में 55 किलोग्राम भार वर्ग की स्टेट चैंपियन रह चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी भार्गवी ने अब तक 29 गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं।
भार्गवी के पिता दीपक सिंह का कहना है कि मैच के दौरान उनकी बेटी ने एकतरफा अंक हासिल किए थे, लेकिन रेफरी और अधिकारियों की मिलीभगत से नतीजा प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी के पक्ष में घोषित कर दिया गया। विरोध जताने पर जब दल प्रभारियों ने प्वाइंट की स्कोर शीट मांगी तो रेफरियों ने देने से साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि रेफरी पहले ही स्कोर शीट में हेरफेर कर चुके थे।
दीपक सिंह का कहना है कि मैच की वीडियो रिकॉर्डिंग में साफ दिखाई देता है कि भार्गवी विजयी रही, फिर भी अधिकारियों ने कहा – “स्कोर शीट में जो दर्ज है वही अंतिम सत्य है।” उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
इसी प्रतियोगिता में भरतपुर टीम की ओर से भी धांधली का मामला सामने आया। भरतपुर के एक खिलाड़ी को हराने के खिलाफ खिलाड़ियों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया और मेट पर घंटों तक बैठे रहे। मौके पर पुलिस पहुंची और प्रदर्शनकारियों को बाहर कर खेल को दोबारा शुरू कराया।
स्थानीय अभिभावक नितिन सिंह ने कहा कि इस तरह की धांधली से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का मनोबल टूटता है और खेल के प्रति नकारात्मक भावना बढ़ती है। प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर के निकट राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय शहपुरा शहर में किया जा रहा है।