भारत सरकार ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को साइबर सुरक्षा के खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।

गृह मंत्रालय (MHA) ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक, साझा या दूसरे लोगों के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे डिवाइस पर लॉग इन सेशन खुला रह जाने से निजी चैट, कॉन्टैक्ट्स और अन्य संवेदनशील जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है।
सरकार ने यूजर्स को सलाह दी है कि ऑफिस के साझा कंप्यूटर, साइबर कैफे, होटल बिजनेस सेंटर और अन्य सार्वजनिक सिस्टम पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें। खासतौर पर संवेदनशील जानकारी से जुड़े काम ऐसे डिवाइस पर करने से बचें।
एक्टिव WhatsApp Web से कैसे हो सकता है खतरा?
एडवाइजरी के अनुसार, इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web के सक्रिय सेशन के दुरुपयोग से जुड़े संभावित खतरों को लेकर आगाह किया है। यदि किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन रह जाता है, तो दूसरे व्यक्ति को अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच मिल सकती है।
इसका फायदा उठाकर साइबर अपराधी निजी चैट पढ़ सकते हैं, यूजर की पहचान से दूसरों को मैसेज भेज सकते हैं और कॉन्टैक्ट लिस्ट व ग्रुप चैट की जानकारी हासिल कर सकते हैं। ऐसी जानकारी का इस्तेमाल फिशिंग, ऑनलाइन ठगी और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों में किया जा सकता है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
गृह मंत्रालय ने WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है। यूजर्स को हर इस्तेमाल के बाद अकाउंट से मैन्युअली लॉगआउट करना चाहिए। केवल ब्राउजर टैब बंद करना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि इससे लॉगिन सेशन समाप्त होने की गारंटी नहीं होती।
यदि WhatsApp Web का इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो इन बातों का ध्यान रखें:
- सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें।
- जरूरत पड़ने पर Incognito या Private Browsing Mode का इस्तेमाल करें।
- हर सेशन के बाद मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें।
- संवेदनशील चैट, दस्तावेज और निजी जानकारियां सार्वजनिक सिस्टम पर न खोलें।
- ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।
- संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइल, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय ऐप्स से दूर रहें।
Incognito Mode भी पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं
सरकार ने निजी ब्राउजिंग मोड के इस्तेमाल की सलाह दी है, लेकिन यूजर्स को यह भी समझना जरूरी है कि Incognito Mode केवल ब्राउजिंग से जुड़ी कुछ स्थानीय जानकारी को सेव होने से रोकता है। यह किसी संक्रमित कंप्यूटर, स्क्रीन मॉनिटरिंग या अन्य साइबर खतरों से पूरी सुरक्षा नहीं देता।
इसलिए सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि WhatsApp Web का इस्तेमाल केवल भरोसेमंद डिवाइस पर किया जाए और काम पूरा होने के बाद लॉगआउट किया जाए।
थोड़ी सी लापरवाही बन सकती है बड़ा साइबर खतरा
WhatsApp आज निजी बातचीत से लेकर ऑफिस के काम, दस्तावेजों और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में किसी सार्वजनिक कंप्यूटर पर अकाउंट खुला छोड़ना यूजर की गोपनीयता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। सरकार की इस सलाह का उद्देश्य यूजर्स को सतर्क करना और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी छोटी-छोटी आदतों के जरिए साइबर अपराध से बचाना है।
अगर आप भी WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं, तो अगली बार कंप्यूटर से उठने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपका अकाउंट लॉगआउट हुआ है या नहीं।