राजस्थान के जालोर जिले में नेशनल हाईवे-325 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आहोर थाना क्षेत्र में गवरी गांव और गुड़ा बालोतान के बीच एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौ*त हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में सांचौर के लियादरा गांव निवासी फगलूराम (75) पुत्र हेमाराम बिश्नोई का पैर कटकर अलग हो गया, वहीं उनकी पत्नी हाऊ देवी (65) का सिर धड़ से अलग हो गया। दोनों पति-पत्नी बस के नीचे दब गए थे। इसके अलावा भरतपुर निवासी अमृतलाल पुत्र खिलाड़ीलाल ने इलाज के दौरान जालोर जनरल हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। यात्रियों ने आरोप लगाया है कि बस चालक शराब के नशे में था और करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से बस चला रहा था। आरोप है कि चालक स्टीयरिंग छोड़कर पान मसाला मिला रहा था, इसी दौरान बस बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को सीधा करने के लिए तीन क्रेनों की मदद ली गई। सभी घायलों को आहोर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को जालोर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों, चालक की लापरवाही और नशे में वाहन चलाने की आशंका को लेकर जांच की जा रही है।