प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह संसद भवन परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक आयोजित हुई। यह मानसून सत्र में सत्तारूढ़ गठबंधन की पहली बैठक थी, जिसे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण, संसद में जारी गतिरोध और उपराष्ट्रपति चुनाव की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख के लिए प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जा सकता है। साथ ही, प्रधानमंत्री वैश्विक भू-राजनीतिक हालात पर भी सांसदों को संबोधित कर सकते हैं, जिसमें अमेरिका की व्यापार नीति पर भारत का दृष्टिकोण शामिल हो सकता है।
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध के चलते दोनों सदनों में कामकाज बाधित हो रहा है। इसी कारण इस बैठक को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजग के सभी सांसदों को इसमें अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।