बावन माता मंदिर में भव्य भजन संध्या, श्रद्धालुओं ने भजनों पर झूमकर किया आनंद

By admin
2 Min Read

सावर में शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित भजन संध्या में कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी, शामिल हुए स्थानीय अधिकारी और समाजसेवी

अजमेर: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सावर के प्रसिद्ध बावन माता मंदिर प्रांगण में एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। बावन माता मित्र मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालु और भक्तगण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

रात्रि 9 बजे शुरू हुई इस भजन संध्या में कलाकारों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। चांदखेड़ी से आए भजन गायक भैरूलाल भाट ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने बावन माता की आराधना, गुरु महिमा, “मैय्या मेरी बिगड़ी बनादे” और अन्य भजनों से मंच को जीवंत किया।

भीलवाड़ा से आई महिला कलाकार प्रियंका जांगिड़ और तिलकेश सुथार ने भी अपनी मधुर आवाज़ में भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे दर्शक भावविभोर हो गए। भजन संध्या सुबह भोर तक जारी रही।

कार्यक्रम में सावर के पूर्व प्रधान भूपेन्द्र सिंह शक्तावत, नगरपालिका अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत, सावर मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह शक्तावत, भामाशाह सोनू कोठारी, मार्बल व्यवसायी दिनेश कुमावत और समाजसेवी शिवराज माली सहित कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहे। सभी का साफा बंधन और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।

सावर थाना प्रभारी बनवारी लाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ कार्यक्रम में तैनात रहे, जिससे शांति व्यवस्था सुनिश्चित हुई। कार्यक्रम का संचालन चैनसुख जांगिड़ ने किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *