जयपुर: राजधानी के रिहायशी इलाकों में तेंदुए की बढ़ती आवाजाही एक बार फिर चिंता का कारण बन गई है। ताजा घटना दुर्गापुरा स्थित लाल बहादुर कॉलोनी की है, जहां गुरुवार देर रात करीब 2 बजे एक लेपर्ड घूमता हुआ कैमरे में कैद हुआ। निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद पूरी रात इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि सुबह तक तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में घरों के बाहर अजीब आवाजें सुनाई देने पर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें लेपर्ड कॉलोनी की गलियों में घूमता नजर आया। इसके बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोगों ने प्रशासन को सूचित किया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लेपर्ड की गतिविधियां गोपालपुरा ओवरब्रिज से आसपास की फैक्ट्रियों तक फैली हुई हैं। इसी क्षेत्र में पहले भी इसकी मौजूदगी दर्ज की गई थी, जिसके चलते विभाग ने एक फैक्ट्री परिसर में पिंजरा लगाया है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी इसी इलाके से एक लेपर्ड को पकड़ा गया था और बाद में उसे सुरक्षित रूप से वन क्षेत्र में छोड़ा गया था। अब उसी इलाके में दोबारा इसकी मौजूदगी से विभाग अलर्ट हो गया है।