विद्यार्थियों ने समान अवसर और नीति संशोधन की मांग की, विधायक ने सांसद को भेजा ज्ञापन
ब्यावर: प्रदेश में आईसीएआर यूजी 2025 की नई गाइडलाइन जारी होने के बाद, मसूदा क्षेत्र के कृषि विद्यार्थियों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थियों ने बताया कि नई गाइडलाइन के कारण हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। इस नीति के लागू होने से राजस्थान सहित कई राज्यों के छात्र काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे सिर्फ शिक्षा प्रभावित नहीं हुई है, बल्कि उनके करियर की राह भी अनिश्चित हो गई है।
विद्यार्थियों ने अपनी मांगों में कृषि शिक्षा में समान अवसर उपलब्ध कराने और समय पर बदलाव संशोधन करने की अपील की। उनका कहना है कि यदि इसमें सुधार नहीं किया गया तो कई बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब सकता है।
इस मामले को लेकर विद्यार्थियों ने स्थानीय विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत को भी ज्ञापन दिया। विधायक ने इस ज्ञापन को सांसद भागीरथ चौधरी तक भेजा और छात्र-छात्राओं की समस्या से अवगत कराते हुए उच्च स्तर पर इसे उठाने का आश्वासन दिया।