खुदाई में निकला घड़ानुमा पुराना बर्तन
टोंक जिले के निवाई ब्लॉक के देवरी गांव में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चरागाह भूमि में खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से एक घड़ानुमा पुराना बर्तन (देग) बरामद हुआ। ग्रामीणों द्वारा खजाना होने की आशंका जताने के बाद इलाके में अफवाहों का दौर शुरू हो गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
गुलाब की पत्तियां, चप्पल और टायरों के निशान बने संदेह की वजह
तहसीलदार नरेश गुर्जर के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने खेतों के पास चरागाह भूमि में ताजा गुलाब की पत्तियां बिखरी हुई, एक जोड़ी चप्पल और बड़ी गाड़ी के टायरों के निशान देखे। अनहोनी की आशंका के चलते सरपंच रामसहाय मीणा को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने लाश दबी होने की भी आशंका जताई, जिस पर जेसीबी मशीन से खुदाई करवाई गई।
प्रशासन ने देग को किया सील, पुरातत्व विभाग करेगा जांच
खुदाई में एक सिल्वर रंग का देग निकलने के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। खजाने की चर्चा के बीच थानाधिकारी घासीराम, तहसीलदार, भू-अभिलेख अधिकारी और पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। देग को कब्जे में लेकर निवाई थाने लाया गया और एसडीएम प्रीति मीणा को सूचना दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर देग को पुरानी तहसील कार्यालय स्थित उपकोषाधिकारी कार्यालय में सील कर सुरक्षित रखवाया गया है। अब पुरातत्व विभाग की टीम जांच के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठाएगी।
