राजस्थानी परिधान में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का संगम बनाया
डीडवाना: नावां शहर के स्टेशन नाड़ा बालाजी मंदिर परिसर में मां शाकांभरी नवयुवक मंडल की ओर से आयोजित नवरात्रि महोत्सव गरबा-डांडिया की सुरमई धुनों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में अग्रवाल और माहेश्वरी समाज की महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी परिधान में गरबा-डांडिया की शानदार प्रस्तुतियां दी। उनकी प्रस्तुतियों ने पूरे पंडाल को भक्ति और उत्साह से भर दिया। राजस्थानी पोशाक में सजी महिलाओं ने गरबा की प्रस्तुति दी, जिसे देखकर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से खुद को नहीं रोक पाए।
नावां शहर के आसपास से भी कई महिला और बालिकाएं महोत्सव में शामिल हुईं और अपनी प्रस्तुति से माहौल में चार चांद लगा दिए। पंडाल में झूमते और नाचते लोगों की आवाज और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
महिलाओं और लड़कियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया बल्कि पूरे महोत्सव को भक्तिपूर्ण और उत्साहपूर्ण बना दिया। गरबा-डांडिया की यह धूम न केवल नावा शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और शहरों में भी सुनाई दे रही है।