सांचौर के पास रॉन्ग साइड से आ रही फॉर्च्यूनर ने किया कार को चकनाचूर, सूरत लौट रहा जसोल परिवार हादसे का शिकार — दो की हालत नाजुक
जालोर: जिले के सांचौर क्षेत्र में मंगलवार सुबह भारतमाला एक्सप्रेस-वे (NH-754) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जसोल (बाड़मेर) निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक और घायल सभी सूरत में रहकर कपड़ों के व्यवसाय से जुड़े थे और पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जसोल निवासी अरुण भाई (35), उनकी पत्नी वंदना (33), पुत्री धीयारा (4), पुत्र पहल और चचेरा भाई भरत किया सेल्टोस कार से सूरत जा रहे थे। सांचौर के पास सामने से रॉन्ग साइड से आ रही फॉर्च्यूनर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किया कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में अरुण भाई, वंदना और उनकी चार वर्षीय पुत्री धीयारा की मौके पर ही मौत हो गई। भरत और पहल गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें सांचौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फॉर्च्यूनर में सवार दो युवक भी घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे वाले स्थान पर एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा मरम्मत के कारण बंद था, जिसके चलते यातायात एक ही लेन से संचालित किया जा रहा था। इसी वजह से दोनों गाड़ियां आमने-सामने आ गईं और जोरदार भिड़ंत हो गई।
जसोल में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में शोक में बदल गईं।