सरकारी सिस्टम पर उठे सवाल- अधिकारी के आदेश के बाद बीमारी में भी केंद्र पहुंची आंगनबाड़ी सेविका, वीडियो वायरल

कटिहार से सिस्टम को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है, जिसने सरकारी संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर पंचायत का है। जानकारी के मुताबिक, वार्ड संख्या 7 के सोहा मध्य भाग में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविका प्रेमलता हेंब्रम पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थीं और छुट्टी पर थीं। इसी दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी (LS) वीणा भारती केंद्र के निरीक्षण पर पहुंचीं।
निरीक्षण के दौरान सेविका को अनुपस्थित पाकर अधिकारी कथित तौर पर नाराज़ हो गईं और तुरंत केंद्र पर हाजिर होने का आदेश दे दिया। नौकरी जाने के डर से प्रेमलता हेंब्रम को अपनी खराब हालत के बावजूद केंद्र आना पड़ा।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि प्रेमलता हेंब्रम बेहद कमजोर स्थिति में हैं। उनके पति एक हाथ से उन्हें सहारा दे रहे हैं, जबकि दूसरे हाथ में सलाइन (IV फ्लूड) की बोतल पकड़े हुए हैं। जिस समय उन्हें अस्पताल में इलाज मिलना चाहिए था, उस समय वे अधिकारी को अपनी बीमारी का सबूत देने के लिए केंद्र पहुंचीं।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह न सिर्फ अमानवीय व्यवहार है, बल्कि एक कर्मचारी के साथ मानसिक प्रताड़ना भी है। सवाल उठ रहा है कि क्या एक बीमार महिला कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार उचित है?
फिलहाल, इस मामले में संबंधित अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता का प्रतीक बन गया है और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।