दौसा में पुलिस शहीद दिवस पर वीरों को श्रद्धांजलि, परेड और रक्तदान शिविर में दिखा देशभक्ति का जज़्बा

By admin
2 Min Read

एसपी सागर राणा ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को किया नमन, जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि, वृक्षारोपण और रक्तदान से दिया सेवा का संदेश

दौसा: जिला पुलिस लाइन परिसर में मंगलवार को पुलिस शहीद दिवस बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत शोक शस्त्र के साथ हुई, जिसके माध्यम से जवानों ने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को नमन किया। परेड में पुलिस जवानों ने अनुशासन और एकता का परिचय देते हुए शहीदों को सलामी दी।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने शहीदों के चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “पुलिस के जवान हर परिस्थिति में देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। हमारे शहीद साथियों की कुर्बानी हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी।”

कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया और सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक राणा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस मौके पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। अधिकारियों ने कहा कि यह शिविर न केवल मानवता की सेवा का प्रतीक है, बल्कि शहीदों की याद में एक सार्थक पहल भी है।

समारोह में एएसपी हेमंत कलाल, लालसोट एसडीएम दिनेश अग्रवाल, डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा, सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में जवानों ने एक स्वर में “अमर रहे शहीद पुलिस जवान” का नारा लगाकर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *