राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस, विद्यार्थी और नागरिकों ने एकता, पर्यावरण और भाईचारे का संदेश दिया
आसींद: देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को आसींद थाना मुख्यालय में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता और सद्भावना का संदेश देते हुए ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
थानाधिकारी हंसपाल सिंह चौहान ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती को देशभर में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में पुलिस टीम, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, पुलिस कैडेट और स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
दौड़ के बाद थाना परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें थानाधिकारी चौहान सहित उपस्थित सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल परिसर को हरा-भरा बनाएगी, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगी।
थानाधिकारी चौहान ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श और जीवन दर्शन हमें एक मजबूत, संगठित और एकजुट भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।