राजस्थान आदिवासी मीणा सेवा संघ के सभा भवन लोकार्पण और भामाशाह सम्मान समारोह में बोले मंत्री, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने कहा — “साहब, आप आ जाते तो मैं एमएलए बन जाता”
चौमू: चौमू कस्बे के मोरिजा पुलिया के पास राजस्थान आदिवासी मीणा सेवा संघ के नवनिर्मित सभा भवन का लोकार्पण समारोह एवं भामाशाह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने फीताकाट कर भवन का लोकार्पण किया।
समारोह के दौरान मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा, “जब मैं चौमू पिछली बार आया था, तब मेरे कपड़े फाड़ दिए गए थे, लेकिन मैं अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटा।” उनके इस बयान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।
इस मौके पर पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने भी मंच से कहा, “साहब, अगर आप मेरे चुनाव में आ जाते, तो मैं एमएलए बन जाता।” इस पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह में समाज के लोगों ने कृषि मंत्री का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. शिखा मील, राजस्थान आदिवासी मीणा सेवा संघ जयपुर जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल मीणा, चौमू तहसील अध्यक्ष रामचंद्र मीणा, शाहपुरा तहसील अध्यक्ष रामावतार मीणा, मुकेश हटवाल, शेष मीणा, ओमप्रकाश मीणा, मुकेश बागड़ी, प्रकाश हटवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।