संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने सोमवार को जोधपुर सर्किट हाउस में जनसुनवाई के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान और समग्र जनकल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन प्रयासों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने जल आपूर्ति, सिंचाई, सड़क, नाली, बिजली, भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, पेंशन, आवास योजनाएं, बेरोजगारी और छात्रवृत्ति जैसी समस्याएं रखीं। पटेल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसेवा की भावना से कार्य करें और सुशासन का आदर्श प्रस्तुत करें। विभागीय स्तर पर समस्याओं के निस्तारण की पहल होनी चाहिए ताकि लोगों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
पटेल ने यह भी कहा कि बुनियादी लोक सेवाओं की नियमित और निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी संवेदनशीलता से निभाया जाना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
जनसुनवाई में राजस्व, डिस्कॉम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण, नगर निगम, जोधपुर विकास प्राधिकरण और जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा हुई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए