राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को रेनवाल मांझी रोड स्थित राजस्थान यूनाइटेड फुटबॉल क्लब में आवासीय फुटबॉल अकादमी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक विकास के लिए युवाओं का खेलों से जुड़ना आवश्यक है, जिससे सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी बल मिलता है।
देवनानी ने कहा कि यह अकादमी राजस्थान में फुटबॉल के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया – बढ़ाओ इंडिया’ नारे को साकार करने की दिशा में इसे एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने युवाओं से भारत और राजस्थान को खेलों में अग्रणी बनाने का आह्वान किया और कहा कि सरकार हर स्तर पर सहयोग के लिए तैयार है।
समारोह में दीप प्रज्वलन के साथ शुरुआत हुई और देवनानी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल में भारत को ख्याति दिलाने के लिए प्रतिभाओं को तलाशना और तराशना जरूरी है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष कल्याण चौबे, पूर्व मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, रामलाल जाट, आरएफए अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, खेलो इंडिया राजस्थान की नोडल अधिकारी प्रज्ञा सैनी, अर्जुन अवार्डी मदन सिंह राजवी, दिलीप शेखावत, डॉ. प्रहलाद फलोदा सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित रहे। अकादमी अध्यक्ष कृष्ण कुमार टांक और प्रबंधक निदेशक रोशनी टांक ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।