भरतपुर के मथुरा गेट थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को सम्मोहित कर लॉटरी में पैसे जीतने का लालच देकर ठगी करता था। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह गैंग सड़क किनारे राह चलते लोगों को रोककर उन्हें लॉटरी में पैसा जीतने का झांसा देता था। शुरुआत में कुछ पर्चियों के जरिए लोगों को छोटे-मोटे इनाम दिखाकर उनका विश्वास जीता जाता, फिर उन्हें धीरे-धीरे बड़ी रकम और कीमती आभूषण दांव पर लगाने के लिए प्रेरित किया जाता।
सीओ पंकज यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सम्मोहन तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। जब पीड़ित अपनी जमा पूंजी और सोने की चेन, अंगूठी जैसे आभूषण तक दांव पर लगा देते, तो आरोपी मौके से फरार हो जाते थे।