एक सप्ताह से डीडीसी पर लटके ताले, अस्पताल प्रभारी का फोन बंद; एकमात्र खुली डीडीसी पर सैकड़ों मरीजों की भीड़, ओपीडी में पंजीकरण संख्या एक हजार के पार
श्रीमाधोपुर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) श्रीमाधोपुर में अव्यवस्थाओं का आलम लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में मौजूद तीन डीडीसी (ड्रग डिस्पेंसिंग काउंटर) में से दो पर ताले लटके हुए हैं, जबकि केवल एक डीडीसी ही कार्यरत है।
एक सप्ताह से इन डीडीसी काउंटरों पर ताले लटके पड़े हैं, जिससे दवाओं के वितरण में भारी अव्यवस्था उत्पन्न हो गई है। वहीं, दो फार्मासिस्टों में से एक अस्पताल से नदारद है। उपस्थिती पंजिका में फार्मासिस्ट रवि मीणा के हस्ताक्षर वाला कॉलम खाली पाया गया।
अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या एक हजार से अधिक पहुंच चुकी है, परंतु स्टाफ की कमी और बंद डीडीसी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि अस्पताल प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन लगातार बंद मिला। इससे मरीजों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सीएचसी में स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाया जाए।