पादूकलां में बालक-बालिकाओं ने की शनिदेव की विशेष पूजा-अर्चना, खिचड़ी भोग के साथ गूंजे जयकारे

By admin
2 Min Read

सियाराम धाम परिसर में हुआ धार्मिक आयोजन, बच्चों की आस्था और उल्लास से वातावरण हुआ भक्तिमय

पादूकलां: कस्बे में स्थित गोगाजी मेला मैदान के समीप सियाराम धाम परिसर के भगवान शनि देव मंदिर में शनिवार को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कस्बे के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शनिदेव की प्रतिमा के साथ सियारामदासजी महाराज और श्रीमहंत कपिलदासजी महाराज के मंदिर की चौखट पर धोक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

बच्चों ने नर्मदेश्वर महादेव के समक्ष अपने परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम शिक्षा की कामना की। विधिवत पूजा के पश्चात शनिदेव को खिचड़ी का भोग लगाया गया, जिसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बालकों की आस्था और उल्लास ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।

सियाराम धाम के महामंडलेश्वर श्रीसंतदास जी महाराज ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को शनि देव की विशेष पूजा-अर्चना और खिचड़ी भोग लगाने की परंपरा निभाई जाती है। आज के कार्यक्रम में बालक-बालिकाओं ने गुरुजी की प्रतिमा और नर्मदेश्वर महादेव के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।

महंत राधादास त्यागीजी महाराज ने राजस्थानी परंपरा के अनुरूप श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए शनिदेव की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना जीवन में सकारात्मक ऊर्जा देती है और कष्टों का निवारण करती है। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *