IAS Madhav Bhardwaj and Aditi Varshney Marriage: आज के दौर में जहां शादियां भव्यता और दिखावे के लिए जानी जाती हैं, वहीं दो युवा आईएएस अधिकारियों ने सादगी भरी शादी कर एक अलग मिसाल पेश की है। राजस्थान के अलवर में तैनात एसडीएम माधव भारद्वाज और गुजरात के जामनगर में पदस्थ एसडीएम अदिति वार्ष्णेय बुधवार को विवाह बंधन में बंध गए। दोनों ने बिना तामझाम के कोर्ट मैरिज कर सादगी का संदेश दिया।
ट्रेनिंग के दौरान शुरू हुई थी प्रेम कहानी
मसूरी निवासी माधव भारद्वाज और उत्तर प्रदेश के बरेली की अदिति वार्ष्णेय की मुलाकात आईएएस ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और परिवार की सहमति के बाद दोनों ने सादगी से विवाह करने का निर्णय लिया।
कलेक्टर चेंबर में संपन्न हुई शादी
अलवर के मिनी सचिवालय में आयोजित सादे समारोह में जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ला की मौजूदगी में दोनों अधिकारियों ने विवाह पंजीकरण कराया। इस अवसर पर केवल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। बिना किसी शोर-शराबे के दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
कौन हैं IAS माधव भारद्वाज
माधव भारद्वाज ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022 में ऑल इंडिया रैंक 536 हासिल की थी। वे IIM अहमदाबाद से एमबीए कर चुके हैं। लोकोमोटर दिव्यांगता श्रेणी में आने वाले माधव ने अपनी शारीरिक चुनौतियों के बावजूद देश की कठिनतम परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया।
कौन हैं IAS अदिति वार्ष्णेय
अदिति वार्ष्णेय ने यूपीएससी 2022 में अपने पहले ही प्रयास में 57वीं रैंक प्राप्त की थी। उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। बरेली में उनकी उपलब्धि को बड़े गर्व के साथ मनाया गया था।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज, मुख्य सचिव वी श्रीनिवासन पहुंचे अजमेर