कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। राजस्थान से आने वाले युवा नेता विनोद जाखड़ को संगठन की कमान सौंपी गई है। वे निवर्तमान अध्यक्ष वरुण चौधरी की जगह लेंगे। कांग्रेस पार्टी ने उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा भी कर दी है।
कौन हैं विनोद जाखड़?
विनोद जाखड़ की पहचान राजस्थान में कांग्रेस के सक्रिय युवा नेता के रूप में रही है। छात्र राजनीति से उनका सफर शुरू हुआ। राजस्थान यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में छात्रसंघ चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर अध्यक्ष बने। इसी जीत के बाद वे कांग्रेस नेताओं की नजर में आए और संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय हो गए।
आरएसएस की विचारधारा के मुखर आलोचक
विनोद जाखड़ को राज्य की राजनीति में आरएसएस की विचारधारा के विरोधी नेता के रूप में भी जाना जाता है। छात्र जीवन से ही वे संघ और भाजपा के खिलाफ मुखर रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव के दौरान उन्होंने एबीवीपी के खिलाफ खुलकर प्रचार किया। वे अक्सर भाजपा और संघ पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते रहे हैं। विरोध-प्रदर्शनों के दौरान वे कई बार जेल भी जा चुके हैं।
सामाजिक पृष्ठभूमि और शिक्षा
विनोद जाखड़ जयपुर जिले की विराटनगर तहसील के मेढ़ गांव के निवासी हैं। उनका जन्म 1994 में हुआ। दलित परिवार से आने वाले जाखड़ के पिता गांव में छोटा-मोटा काम करते हैं। उन्होंने पॉलिटिक्स में ग्रेजुएशन और समाजशास्त्र में मास्टर्स डिग्री हासिल की है। उन्होंने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। इसी दौरान उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हुई और संगठन में उनकी सक्रियता को पहचान मिली। बाद में उन्हें एनएसयूआई राजस्थान का अध्यक्ष बनाया गया।
सचिन पायलट से करीबी
राज्य की राजनीति में विनोद जाखड़ को सचिन पायलट का समर्थक माना जाता है। जयपुर और आसपास के इलाकों में पायलट के आंदोलनों और प्रदर्शनों में वे युवाओं के साथ सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि संगठन में उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के साथ-साथ पायलट से करीबी भी उनकी नियुक्ति का एक अहम कारण रही है।
यह भी पढ़ें: गंगापुर से किरोड़ी लाल मीणा लड़ें चुनाव तो सीट छोड़ दूंगा,कांग्रेस के रामकेश मीणा का बड़ा ऐलान!