पंजाब में बुधवार को जालंधर में Border Security Force (BSF) के फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ, जबकि अमृतसर के खासा आर्मी कैंट इलाके में देर रात विस्फोटक फेंके जाने की घटना सामने आई है।

जालंधर में हुए धमाके का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी में अचानक तेज ब्लास्ट के बाद आग की लपटें उठती दिख रही हैं। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और आसपास का इलाका भी प्रभावित हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रारंभिक जांच में इस ब्लास्ट के पीछे IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। वहीं, अमृतसर में आर्मी कैंप के भीतर ग्रेनेड अटैक की कोशिश की गई, जो दीवार से टकराकर फट गया।
DGP Gaurav Yadav ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और दोनों घटनाओं में IED के इस्तेमाल की पुष्टि की। उन्होंने आशंका जताई कि धमाका टाइमर या रिमोट से किया गया हो सकता है और इसमें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों की भूमिका भी हो सकती है।
उधर, पंजाब CM Bhagwant Mann ने इन घटनाओं को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल में लोगों को डराने के लिए इस तरह की घटनाएं कराई जाती हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस बीच, खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जालंधर धमाके की जिम्मेदारी ली है और पुलिस अधिकारियों को धमकी दी है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।