कृषि यंत्रों के लिए ई-लॉटरी से चयन

By admin
2 Min Read

योगी सरकार प्रदेश के किसानों को सब्सिडी पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध करा रही है। इसके लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिसमें सभी 75 जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ई-लॉटरी के जरिए किसानों का चयन किया जाएगा। यह प्रक्रिया 7 और 8 अगस्त को सभी जिलों में आयोजित की जाएगी।

प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेज्ड्यू और सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों की बुकिंग, और नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑइलसीड योजना के तहत मिनी ऑइल मिल यूनिट व तिरपाल की बुकिंग किसानों ने विभागीय पोर्टल के माध्यम से कराई है। इन बुकिंग्स का चयन भी ई-लॉटरी के माध्यम से होगा।

सभी जिलों में उप कृषि निदेशक ने संबंधित किसानों और जिला स्तरीय समिति के सदस्यों को जानकारी दे दी है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति (DLCS) के सदस्यों का विवरण विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, साथ ही समिति के कार्यालय ज्ञापन की पीडीएफ फाइल भी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।

कृषि विभाग ने निर्देश दिए हैं कि ई-लॉटरी की प्रक्रिया ऐसे सार्वजनिक स्थान पर हो, जहाँ अधिकतम किसान इसकी प्रक्रिया को देख सकें। इसके लिए बड़ी स्क्रीन लगाने जैसी व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।

ई-लॉटरी में चयनित किसानों को मोबाइल पर एसएमएस भेजा जाएगा और उन्हें सूचना एवं बिल अपलोड की अंतिम तारीख भी बताई जाएगी। प्रतीक्षा सूची में आने वाले किसानों को भी सूचित किया जाएगा। जो किसान चयनित नहीं होंगे, उन्हें छह महीने के भीतर जमा की गई धनराशि लौटा दी जाएगी।

कृषि विभाग की अपील है कि जिन किसानों ने पोर्टल पर कृषि यंत्रों की बुकिंग की है, वे ई-लॉटरी प्रक्रिया में जरूर भाग लें, ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *