जालोर: उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालगढ़ में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों और छात्रों ने सोमवार को स्कूल गेट पर ताला लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई थी। चेतावनी देने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया, जिसके बाद आज ग्रामीणों ने छात्रों के साथ मिलकर तालाबंदी कर दी।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं लगाए जाते, तालाबंदी जारी रहेगी। उनका कहना है कि सरकार को गांवों के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना चाहिए।