भजनलाल सरकार का बड़ा ऐलान! गौसेवा बनेगी रोजगार, हर महीने मिलेगी ‘सैलरी’

2 Min Read

Gaon Gwala Yojana Rajasthan:  राजस्थान की भजनलाल सरकार में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गोवंश संरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाया है। रविवार को रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के खेड़ली गांव (चेचट) से उन्होंने गोवर्धन गांव ग्वाला योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर श्रीराम स्नेही संप्रदाय (शाहपुरा पीठ) के पूज्य जगतगुरु स्वामी रामदयाल जी महाराजकी विशेष उपस्थिति रही, जिनके आशीर्वाद के साथ योजना को जमीन पर उतारा गया।

14 गांवों में पुनर्जीवित हुई ‘गांव ग्वाल’ परंपरा

योजना की शुरुआत के साथ ही रामगंजमंडी के 14 गांवों में सदियों पुरानी ‘गांव ग्वाल’ परंपरा को फिर से जीवित किया गया। मंत्री दिलावर ने नवनियुक्त 14 ग्वालों का मंच पर माला और साफा पहनाकर सम्मान किया। जगतगुरु स्वामी रामदयाल महाराज ने सभी ग्वालों को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

क्या होगी ग्वालों की जिम्मेदारी?

इस योजना के तहत नियुक्त ग्वाले प्रतिदिन गांव की सभी गायों को एकत्रित कर गोचर भूमि में चराने ले जाएंगे। दिनभर चराई के बाद शाम को वे सभी गायों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाएंगे। खास बात यह है कि इस सेवा के बदले प्रशासन की ओर से ग्वालों को मासिक वेतन दिया जाएगा।

कोटा में हुई आध्यात्मिक शुरुआत

इससे पहले मंत्री मदन दिलावर ने कोटा के दादाबाड़ी स्थित नितिन विजय मोशन आवास पर जगतगुरु स्वामी रामदयाल जी महाराज के दर्शन किए। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि गुरुदेव के साथ योजना को लेकर सार्थक चर्चा हुई, जिसके बाद दोनों खेड़ली के लिए रवाना हुए।

पूरे राजस्थान में लागू करने की तैयारी

मंत्री दिलावर के अनुसार, यह पहल क्षेत्र में समृद्धि, संस्कार और गो-संवर्धन का नया अध्याय साबित होगी। फिलहाल योजना की शुरुआत रामगंजमंडी विधानसभा से की गई है, लेकिन सरकार की मंशा इसे जल्द ही पूरे राजस्थान में लागू करने की है।

यह भी पढ़ें: जयपुर में बीजेपी युवा मोर्चा का हंगामा, कांग्रेस दफ्तर का घेराव, राहुल गांधी के खिलाफ की नारेबाजी

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *