जयपुर में बीजेपी युवा मोर्चा का हंगामा, कांग्रेस दफ्तर का घेराव, राहुल गांधी के खिलाफ की नारेबाजी

2 Min Read

जयपुर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और जमकर विरोध जताया।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा भी बैरिकेड्स पर चढ़कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अशोभनीय प्रदर्शन कर अपना “असली चरित्र” दिखाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते कांग्रेस देश का विरोध करने लगी है और उसे इस सोच से बाहर निकलना चाहिए।

दिल्ली में हुए प्रदर्शन के विरोध में उतरा युवा मोर्चा

दरअसल, शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के कुछ कार्यकर्ताओं ने इंडो-यूएस ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। इसी घटना के विरोध में जयपुर में युवा मोर्चा ने प्रदर्शन का ऐलान किया था।

पुतला दहन कर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका और कांग्रेस से माफी की मांग की। युवा मोर्चा के नेताओं का कहना है कि ऐसे प्रदर्शनों से देश की छवि को नुकसान पहुंचता है और यह राजनीतिक विरोध की मर्यादा के खिलाफ है। आपको बता दें कि पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन के बाद स्थिति नियंत्रण में है।

यह भी पढ़ें: गंगापुर से किरोड़ी लाल मीणा लड़ें चुनाव तो सीट छोड़ दूंगा,कांग्रेस के रामकेश मीणा का बड़ा ऐलान!

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *