योजना भवन में आयोजित बैठक में आंध्र प्रदेश बीसूका चेयरमेन दिनाकर लंका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने में केंद्र और राज्यों की जनकल्याणकारी योजनाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने राजस्थान सरकार की योजनाओं और क्रियान्वयन दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य अन्य प्रदेशों के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल बन चुका है।
बैठक में गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, पंच गौरव, वंदे गंगा अभियान, जनआधार योजना, पंडित दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा जैसी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। दिनाकर लंका ने कहा कि अंतरराज्यीय मंथन और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान से योजनाओं की प्रभावशीलता और बढ़ सकती है।
प्रमुख शासन सचिव भवानी सिंह देथा ने बताया कि राज्य सरकार अंत्योदय की संकल्पना के साथ गरीब, महिला, युवा और किसान वर्ग को सशक्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गुरु गोलवलकर योजना के तहत 41 पिछड़े ब्लॉकों का विकास सुनिश्चित किया गया है।
बैठक में संयुक्त सचिव नरेंद्र मंघानी ने राज्य की प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, वहीं सी. पी. मण्डावरिया ने बीसूका की प्रगति से अवगत कराया। निदेशक विनेश सिंघवी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।