सरकारी विभागों के खिलाफ सीधे शिकायत दर्ज कर सकेंगे नागरिक, कोर्ट बुलाकर करवाएगी सुनवाई और समाधान
भरतपुर: अब आमजन को रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। भरतपुर में स्थाई लोक अदालत के माध्यम से नागरिक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। अदालत सरकारी विभागों को तलब कर दोनों पक्षों की सुनवाई करेगी और मामले का निस्तारण करवाएगी। इसका उद्देश्य कमजोर और वंचित वर्ग को शीघ्र न्याय दिलाना है।
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज सचिव आशुतोष गुप्ता ने बताया कि पानी, बिजली, सड़क, बैंकिंग, डाक जैसी कई समस्याओं से आमजन रोज जूझता है। लोग जब निराश हो जाते हैं, तो अक्सर कहते हैं—“जाने दो।” हम इसी सोच को खत्म करना चाहते हैं ताकि हर नागरिक को उसका हक मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिले में पहले से स्थाई लोक अदालत संचालित है, जो रोजाना कार्यरत रहती है। कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या का आवेदन देकर सुनवाई का अनुरोध कर सकता है। आवेदन मिलने के बाद अदालत संबंधित सरकारी विभाग को नोटिस जारी कर उपस्थित होने के लिए कहेगी।
दोनों पक्षों के बीच सुलह कराई जाएगी। यदि सुलह से समाधान नहीं होता तो स्थाई लोक अदालत अपने स्तर से निर्णय भी सुना सकती है। आमजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में जाकर सीधे अपनी एप्लिकेशन लगा सकते हैं।
स्थाई लोक अदालत के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी शुरू किया गया है तथा एक व्हाट्सऐप नंबर जारी किया गया है, जिस पर कोई भी नागरिक अपनी शिकायत भेज सकता है। प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य कमजोर वर्ग को न्याय दिलाना और उनकी मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।