राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने सीकर जिले के लोसल क्षेत्र के शाहपुरा गांव में शहीद आईटीबीपी जवान सुभाष चंद्र बेरवाल की मूर्ति का अनावरण किया। उन्होंने शहीद के अद्वितीय योगदान और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर और धोद विधायक गोवर्धन वर्मा ने संयुक्त रूप से मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान शहीद की वीरांगना सरला देवी, पिता कालूराम बेरवाल और अन्य परिजनों का सम्मान किया गया।
डॉ. बैरवा ने कहा कि शहीद सुभाष चंद्र की शहादत पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शाहपुरा की सभी स्थानीय मांगें, जैसे राजकीय महाविद्यालय खोलना और रोडवेज बस सेवा शुरू करना, सरकार द्वारा पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेम सिंह बाजौर ने कहा कि सरहद पर शहीद होने वाले जवानों को देवता की तरह पूजना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत हो। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शहीद परिवारों को छात्रवृत्ति और जयपुर में छात्रावास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में धोद विधायक गोवर्धन वर्मा और पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने भी संबोधन किया। शहीद की तीसरी पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने रक्तदान शिविर लगाया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर 341 यूनिट रक्तदान किया।