वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शुक्रवार को अलवर में युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के “मेरा युवा भारत” (माय भारत) के तत्वावधान में आयोजित युवा संवाद एवं केंद्र प्रवर्तित फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी संबंधी कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि सुशासन, विकास और अंतिम छोर के व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकारी योजनाएं अहम हैं। युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से आमजन को जोड़ने और लाभ पहुंचाने में सक्रिय सहयोग दें। पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकी संतुलन के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयास सफल हो रहे हैं, जिसके तहत “एक पेड़ मां के नाम” और “हरियालो राजस्थान अभियान” जन-जन का अभियान बन गया है। उन्होंने युवा स्वयंसेवकों से पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल करने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि देश के सर्वांगीण विकास में युवा रीढ़ की हड्डी के समान हैं। केंद्र व राज्य सरकार युवाओं को इनोवेशन और नवाचार के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे वे स्किल और कौशल के जरिए देश के विकास में योगदान कर सकें। उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाना, स्किल ट्रेनिंग व रोजगार के अवसर प्रदान करना और वॉलंटियर गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाना है। राज्य सरकार का बजट युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप है, जिसमें विशेष रूप से कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
इसके बाद उन्होंने राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल, अलवर के क्षेत्रीय कार्यालय में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।