राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को जयपुर में पैदल मार्च निकाला। यह मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शहीद स्मारक तक निकाला गया, जिसे “वोट चोर-गद्दी छोड़” पैदल मार्च नाम दिया गया।
इस मार्च में डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी के महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के विधायक, विधायक प्रत्याशी, पीसीसी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर वोट चोरी करने का आरोप लगाया।
डोटासरा ने कहा कि वोट चोरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी व्यापक जन आंदोलन चलाएगी। इसके तहत गुरुवार को सभी जिला मुख्यालयों पर रात आठ बजे जिला कांग्रेस कमेटियां “वोट चोर-गद्दी छोड़” कैण्डल मार्च निकालेंगी। इसके बाद कई जन जागरण अभियान भी आयोजित होंगे।
उन्होंने भाजपा नेताओं को तानाशाह बताते हुए आरोप लगाया कि वे संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन करते हैं, जनता के वोट की चोरी करते हैं और विपक्ष को सत्ता से दूर रखने के लिए साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपनाते हैं। इस विरोध अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक ले जाकर कांग्रेस आम जनता में जागरूकता फैलाएगी।