उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने निम्बाहेड़ा-मंगलवाड़ फोरलेन सड़क परियोजना के लिए ₹260 करोड़ के लोन को दी मंजूरी

By admin
2 Min Read

आरएसआरडीसी की 129वीं बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले, परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया विशेष जोर

जयपुर: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) की 129वीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने निम्बाहेड़ा–मंगलवाड़ सड़क फोरलेनकरण कार्य के लिए नाबार्ड से ₹260 करोड़ के लोन को मंजूरी प्रदान की। इसके साथ ही, कम ब्याज दरों के चलते हुडको से नाबार्ड को शिफ्ट किए जा रहे ₹175 करोड़ के लोन की स्वीकृति भी दी गई।

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने आरएसआरडीसी के बढ़ते टर्नओवर और लाभ की सराहना की और अधिकारियों को कोस्ट-सेंट्रिक अप्रोच के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की कोस्ट शीट तैयार कर उसका परीक्षण किया जाए ताकि वास्तविक लागत और लाभ-हानि का स्पष्ट आकलन हो सके।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आरएसआरडीसी को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने के लिए महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों के रोड कॉर्पोरेशन मॉडलों का अध्ययन किया जाए और सर्वश्रेष्ठ प्रथाओं (Best Practices) को राजस्थान में लागू किया जाए।

उन्होंने परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए क्वालिटी कंट्रोल विंग को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए। दिया कुमारी ने कहा कि सभी चल रही परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी होनी चाहिए ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव (आयोजना) भवानी सिंह देथा, शासन सचिव (वित्त) नवीन जैन, शासन सचिव (पीडब्ल्यूडी) डी.आर. मेघवाल सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग और आरएसआरडीसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *