राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रविवार को राजसमंद जिले के नाथद्वारा पहुंचीं। उन्होंने सर्वप्रथम श्रीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद गोस्वामी विशाल बावा से भेंट हुई, जिन्होंने पारंपरिक समाधान पद्धति से उपमुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
इसके बाद वह न्यू कॉटेज पहुंचीं और सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। दिया कुमारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की हर योजना का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे और इसमें पारदर्शिता रखी जाए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने रेलमगरा स्थित जलदेवी मंदिर के विकास, चारभुजा जी मंदिर और दूधतलाई के सौंदर्यीकरण, कुंभलगढ़ क्षेत्र के पर्यटन विकास, छोटा गोपालपुरा की बावड़ी और सुंदर विलास कुंड के पुनरुद्धार जैसे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कांकरोली स्थित द्वारकाधीश मंदिर तक रिंग रोड सहित नए कार्यों की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेवाड़ की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को निखारना सरकार की प्राथमिकता है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग की घोषणाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने केलवा से आमेट, मादड़ी से लसानी ताल वाया आमेट–देवगढ़, चारभुजा से सेवंत्री और बडारडा पुठिया से फरारा महादेव तक लगभग 70 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रगति पर जानकारी ली।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ियों की स्थिति, पूरक पोषाहार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृ पोषण योजना और नंदघर की प्रगति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि मरम्मत योग्य आंगनवाड़ी भवनों को डीएमएफटी व सीएसआर फंड से सुधारने का प्रयास किया जाए और पोषण ट्रैकर पर एफआरएस कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
इस दौरान कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, भीम विधायक हरिसिंह रावत, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।