ग्रामीणों ने कहा – आदिवासी समाज के उत्थान में बनेगा मील का पत्थर
बारां: पंचायत समिति किशनगंज की ग्राम पंचायत बिलासगढ़ में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत ‘आदि कर्मयोगी जनजातीय सेवा केंद्र’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर झब्बर सिंह, उपखंड अधिकारी राकेश रावत, ग्राम पंचायत बिलासगढ़ की प्रशासक गुड्डी बाई, ग्राम पंचायत बजरंगगढ़ की प्रशासक दुर्गा शंकर नागर, विकास अधिकारी हर्ष कुमार महावर, सरपंच प्रतिनिधि गौरी शंकर अहेरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि यह सेवा केंद्र जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। इसके जरिए ग्रामीणों को कई योजनाओं और सेवाओं की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
ग्रामीणों में नई उम्मीद
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह केंद्र आदिवासी समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस सेवा केंद्र के उद्घाटन से स्थानीय लोगों में नई आशा और उत्साह का संचार हुआ है।
यह केंद्र एकल खिड़की नागरिक सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।