अंबा माता मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब — कुलमीपुरा में 20 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, आज अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

By admin
2 Min Read

झूलों, दुकानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार रहा मेला स्थल; पंचायत, प्रशासन और चिकित्सा विभाग ने मिलकर संभाली व्यवस्थाएं

प्रतापगढ़: पंचायत समिति धमोत्तर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुलमीपुरा में गुरुवार को अंबा माता मेले का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मेले में श्रद्धालुओं ने खरीददारी और मनोरंजन का भरपूर आनंद लिया। झूले, चकरी, मिक्की माउस और ब्रेक डांस जैसे आकर्षक झूले बच्चों और युवाओं के लिए मुख्य आकर्षण रहे। ग्रामीण महिलाओं ने मिट्टी के बर्तन, हांडी, कलेड़ी, तौलिया, छाछ के बर्तन और पानी के मटके खरीदे, वहीं बच्चों में खिलौनों की खरीददारी को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

व्यवस्था में प्रशासन की सक्रिय भूमिका
मेले की संपूर्ण व्यवस्थाएं पंचायती राज, राजस्व, जलदाय, चिकित्सा विभाग और नगर परिषद प्रतापगढ़ के सहयोग से की गईं। धमोत्तर थाना पुलिस ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।

ग्राम पंचायत कुलमीपुरा की सरपंच धापु बाई मीणा एवं सरपंच प्रतिनिधि अंबालाल मीणा के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त विकास अधिकारी रमेशचंद्र खटीक, सहायक प्रशासनिक अधिकारी विरेंद्र सिंह राजपूत, ग्राम विकास अधिकारी मुकेश मीणा, सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

राजस्व विभाग से भू-अभिलेख निरीक्षक प्रभुलाल मीणा, पटवारी खुशबू सक्सेना, और अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया। चिकित्सा विभाग की ओर से डॉ. पवन पाटीदार की टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को उपचार और परामर्श सेवाएं दीं।

आज होगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
मेला स्थल पर शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025 की रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देशभर के नामचीन कवि शिरकत करेंगे।
सम्मेलन में सोहन चौधरी (चित्तौड़गढ़), राजेंद्र गौड़ ‘वीररस’ (कोटा), भावना लोहार (राजसमंद), कानू पंडित (नाथद्वारा), हरीश हंगामा (नयागांव), रामू हटीला (रतलाम), सुरेंद्र सुमन (सूत्रधार) और हीरालाल मधुर (स्थानीय कवि) अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *