राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल, अंबामाता श्मशान घाट पर हुआ राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
प्रतापगढ़: राजस्थान की राजनीति में चार दशक से सक्रिय और जनजातीय समाज की सशक्त आवाज रहे पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा को रविवार को प्रतापगढ़ में अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा उनके अंबामाता स्थित निजी आवास से श्मशान घाट तक निकाली गई, जिसमें हजारों कार्यकर्ता, आमजन और सैकड़ों जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
मीणा का निधन अहमदाबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान हुआ था और उनका पार्थिव शरीर शनिवार रात प्रतापगढ़ लाया गया। रविवार सुबह 11 बजे राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा श्मशान घाट तक गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से आए और परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
अंतिम संस्कार में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद सी. पी. जोशी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय, विधायक श्रीचंद कपलानी, चंद्रपान सिंह आक्या, सुरेश धाकड़, अनिता कटारा, भाजपा प्रदेश मंत्री पंकज पोरवाल, कन्हैयालाल मीणा, पूर्व मंत्री और अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर आईजी गौरव श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया, पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य शाहिद और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा का राजनीतिक सफर बेहद लंबा और गौरवशाली रहा। वे सात बार विधायक, चार बार मंत्री और एक बार सांसद रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में जनजातीय समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंतिम यात्रा में उमड़ा विशाल जनसैलाब यह संदेश देता है कि नंदलाल मीणा केवल एक नेता ही नहीं थे, बल्कि आमजन के बीच जनसेवक और प्रेरणा का स्रोत भी थे। उनके योगदान और व्यक्तित्व को सदैव याद रखा जाएगा।